पिथौरागढ़। यातायात पुलिस ने नशे की हालत में स्कूल वैन चला रहे एक चालक को पकड़ा है। वह बच्चों को लेने स्कूल जा रहा था। यातायात पुलिस ने वाहन और चालक को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वाहन को सीज कर दिया।
यातायात प्रभारी प्रताप सिंह नेगी के नेतृत्व में टीम शुक्रवार को नगर में चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान यातायात प्रभारी ने चिमस्यानौला क्षेत्र में तेज रफ्तार में आ रही एक वैन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी। इस पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि यह वैन एक निजी स्कूल की है और चालक बच्चों को लाने के लिए स्कूल जा रहा था।
पुलिस ने चालक और वैन को कोतवाली पहुंचाया। मेडिकल जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इस पर पुलिस ने वाहन को सीज कर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। इसके बाद यातायात प्रभारी ने संबंधित स्कूल की प्रधानाचार्य को इसकी जानकारी दी। एसपी लोकेश्वर सिंह एवं यातायात प्रभारी नेगी ने कहा है कि अभिभावकों और प्रधानाचार्यों को भी चालक-परिचालकों पर नजर रखनी चाहिए। उन्होंने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की 112 नंबर पर सूचना देने की अपील की है। संवाद