मूनाकोट के सेल गांव में ध्वस्त पेयजल लाइन ठीक करते ग्रामीण। संवाद
पिथौरागढ़। मूनाकोट विकास खंड के सेल गांव में तीन दिन पूर्व हुई अतिवृष्टि से भारी नुकसान हुआ है। गांव की पेयजल लाइन ध्वस्त हो गई है। साथ ही खेत मलबे से पटे हुए हैं। पटवारी ने गांव में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता नीरज सौन ने बताया कि गांव की पेयजल लाइन पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। साथ ही पेयजल चैंबर भी भारी मलबे से दबा पड़ा है। रविवार को गांव के रविंद्र सिंह, जोगा सिंह, नारायण सिंह, रंजीत सिंह, ज्ञान सिंह आदि ग्रामीण मलबे में पटी पेयजल लाइन को ढूंढने गए। सौन ने बताया कि करीब एक हजार की आबादी को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। अतिवृष्टि से फल और सब्जियों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने शीघ्र पेयजल लाइन को ठीक कर पानी आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठाई है।
उधर सल्ला के प्रधान राकेश घटाल ने बताया कि सिलिंग्या के तोक खोपर में बना पानी का चैंबर ध्वस्त होने से ग्रामीणों के समक्ष गंभीर पेयजल संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंप शीघ्र पेयजल समस्या को दूर करने का अनुरोध किया है। संवाद