पिथौरागढ़। धारचूला स्थित धौलीगंगा पावर स्टेशन में जमा सिल्ट को आज हटाया जाएगा। इसके लिए एडीएम फिंचाराम चौहान ने लोगों से नदी तट पर नहीं जाने की अपील की है।
एडीएम ने एनएचपीसी तपोवन के पत्र का हवाला देते हुए कहा है कि मंगलवार को सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक धौलीगंगा पावर स्टेशन के बांध में जमा सिल्ट को हटाने के लिए सिल्ट फ्लशिंग प्रक्रिया की जानी है। उन्होंने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए नदी किनारे रह रहे ग्रामीणों से कहा है कि वह खुद और मवेशियों को लेकर तट की ओर न जाएं। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर तत्काल तहसील नियंत्रण कक्ष धारचूला और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष पिथौरागढ़ को जानकारी दें।
इनसेट
12 और 13 जुलाई को बंद रहेगा सोबला-तिदांग मार्ग
धारचूला। सोबला-तिदांग मोटर मार्ग के सेला-नागलिंग के मध्य यूसुंग नाले का विगत दिनों हुई बारिश के चलते जलस्तर काफी बढ़ गया था। इसके चलते सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग सड़क की मरम्मत का कार्य कर रहा है। इसके लिए विभाग के सहायक अभियंता ने 12 और 13 जुलाई को मोटर मार्ग पर पूर्ण रूप से यातायात बंद किए जाने का अनुरोध किया है। इस संबंध में प्रशासन की ग्रामीणों से पूर्व में भी वार्ता हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि अभी दारमा घाटी के सभी गांवों में पूजा समाप्त हो गई है। सुरक्षात्मक कार्य के लिए जो भी निर्णय लिया जाएगा उससे वे सहमत हैं। एसडीएम दिवेश शाशनी ने बताया कि 12 और 13 जुलाई को सोबला-तिदांग मोटर मार्ग यातायात के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेगा। संवाद
इनसेट
ख्वांकोट में भू-धंसाव से मकान की दीवार ध्वस्त
कनालीछीना। कनालीछीना ब्लॉक के ख्वांकोट ग्राम सभा में पीएम आवास के अंतर्गत बन रहे कमला देवी के मकान के पीछे भू-धंसाव हो गया। इससे निर्माणाधीन मकान के पीछे के हिस्से की पूरी दीवार बीम सहित गिर गई। साथ ही मकान की छत के लिए एकत्र की गई बजरी और रोड़ी भी मलबे में दब गई। गांव के गणेश पोखरिया ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद की गुहार लगाई है। संवाद
इनसेट
चीन सीमा को जोड़ने वाली लिपुलेख सहित 11 सड़कें बंद
पिथौरागढ़। मलबा आने से लिपुलेख सहित 11 सड़कें बंद हैं। जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार मलबा आने से तवाघाट-लिपुलेख, बनकोट-बरड़खोला, बुंगाछीना-कुसैल, भागीचौरा-शक्तिपुर बजानी, तवाघाट-ठानीधार, बांसबगड़-कोटापंद्रपाला, हाट-लधड़ा, देवूसूना-खेतारकन्याल, जौलजीबी-कौली कन्याल, छिरकिला-जम्कू और आदिचौरा-हनेरा सड़क बंद हैं। चीन सीमा को जोड़ने वाली लिपुलेख सड़क के मंगलवार को खुलने की उम्मीद है। संवाद