डीएम ने बीडीओ को दिए वनराजि गांव में शिविर लगाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी रीना जोशी ने विकासखंड कनालीछीना के ग्राम कुलेख पहुंचकर वहां निवास करने वाले वनराजि के लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को क्षेत्र में शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ वनराजि परिवारों को दिलाने के निर्देश दिए।
वनराजि लोगों ने भागीचौरा से औलतड़ी तक साढ़े नौ किमी मार्ग का डामरीकरण किए जाने, ग्राम कुलेख, औलतड़ी में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति न होने, कुछ परिवारों के पास शौचालय न होने, पक्के आवास न होने की समस्याएं रखीं। डीएम ने जल संस्थान एवं पेयजल निगम के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को आवास विहीन परिवारों को शौचालय, पक्का आवास बनाए जाने के संबंध में कार्यवाही के निर्देश दिए। डीएम ने प्रत्येक वनराजि परिवार के लिए सोलर लाइट का प्रस्ताव बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने वनराजि परिवार की महिलाओं को सिलाई, बुनाई, कढ़ाई, मुर्गी पालन संबंधी व्यवसाय का प्रशिक्षण दिलाने को भी कहा।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क मार्ग के डामरीकरण का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। डीएम ने ग्राम कुलेख स्थित वनराजि परिवारों के आवासीय भवन और अन्य निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, खंड विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद आदि मौजूद रहे।
इनसेट
बाल विवाह से बचने की सलाह दी
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी रीना जोशी ने वनराजि परिवारों को बाल विवाह जैसी कुरीति से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्हाेंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, खुले में शौच न जाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही गर्भवती विनीता देवी को चिकित्सक की सलाह पर नियमित रूप से दवा सेवन और आवश्यक जांच करवाने सहित संस्थागत प्रसव कराने को कहा। संवाद