लोहाघाट नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर देहरादून में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते पूर्व नगर पा
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। थल-डीडीहाट लिफ्टिंग पेयजल योजना के चार में से तीन पंप खराब होने से क्षेत्र में पानी का संकट गहराने लगा है। जल संस्थान नगर के कई मोहल्लों में पानी की आपूर्ति नहीं कर पा रहा है।
डीडीहाट में पानी की आपूर्ति थल स्थित रामगंगा से बनी पेयजल योजना से की जा रही है। लिफ्टिंग पेयजल योजना के चार पंप से पानी मुख्य टैंक में पहुंचाया जाता है। इसके बाद जल संस्थान नगर में पानी की आपूर्ति करता है। कुछ दिनों से थल में लगे चार पंप में से तीन में खराबी आ गई है।
पेयजल निगम खराब पंप को सही नहीं कर पाया है। इससे नगर में पानी की आपूर्ति काफी कम हो गई है। नगर के कई वार्ड में आपूर्ति बेहद कम होने से लोगों के समक्ष पानी का संकट खड़ा हो गया है। पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता संजय ने बताया कि खराब पंप को सही करने के लिए तकनीकी विभाग से संपर्क किया गया है। संवाद
सीएम को गिनाईं पेयजल सहित अन्य समस्याएं
लोहाघाट (चंपावत)। नगर की पेयजल सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ज्ञापन दिया। वर्मा ने सीएम से सरयू नदी से जल्द लिफ्ट पेयजल योजना का निर्माण कराकर लोगों को राहत देने की मांग की। इसके अलावा कहा कि उप जिला अस्पताल लोहाघाट में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते यह अस्पताल रेफरल सेंटर बनकर रह गया है। उन्होंने जिले के सबसे पुराने राजकीय पॉलीटेक्निक को इंजीनियरिंग कॉलेज का दर्जा देने, सड़क किनारे खतरा बने तिरछे खड़े देवदार के पेड़ों का निस्तारण कराने, नगर के विकास और सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है। अध्यक्ष वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने नगर की समस्याओं का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया है। संवाद