डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट के सिराकोट मंदिर में चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय मेले में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। शनिवार रात से ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। करीब 200 साल पुराने इस मेले में ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में पारंपरिक झोड़ों का गायन कर सिराकोट में स्थित बाबा का बखान किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष रवि डसीला ने बताया कि इस बार दर्जनों गांवों के हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। मेले की पहली रात मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद भंडारा लगाया गया। मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात रही।