पिथौरागढ़। लोक कलाकार महासंगठन ने विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ हुड़का बजाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम कार्यालय के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भी भेजा जिसमें उन्होंने मांगें शीघ्र पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
लोक कलाकार महासंगठन से जुड़े कलाकार बुधवार को डीएम कार्यालय में एकत्र हुए। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने संस्कृति विभाग से पंजीकृत सांस्कृतिक लोक दलों के लंबित बिलों का शीघ्र भुगतान करने, सांस्कृतिक लोक दल, कलाकारों, दलनायकों का मानदेय बढ़ाने, कोरोना काल से आर्थिक तंगी से परेशान सांस्कृतिक लोक दलों का सूचना निदेशालय से ऑडिशन कराने और सांस्कृतिक दलों को पूर्व ग्रेड में संबद्ध करने की मांग की।
उन्होंने लोक दलों को जीएसटी के दायरे से बाहर रखने की भी मांग की। इस मौके पर हेमराज बिष्ट, प्रकाश रावत, नारायण सोराड़ी, जनार्दन उप्रेती, जीवन बोरा, चंचल रावत, भूपेंद्र बिष्ट, भगवती दानपुरिया, सुरेश प्रसाद सुरीला, सुरेश कुमार, भरत प्रसाद आदि मौजूद थे।