धारीऐर-बेलतड़ी- क्वारबन को जोड़ने वाली आधी अधूरी सड़क।
पिथौरागढ़। धारीऐर-बेलतड़ी-क्वारबन सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। नाराज ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर 24 जून से अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत धारी, धारीऐर-बेलतड़ी-क्वारबन सड़क का निर्माण कार्य वर्ष 2006-07 में लोनिवि पिथौरागढ़ ने किया था। यह सड़क आठ किमी स्वीकृति थी। चार किमी का निर्माण लोनिवि पिथौरागढ़ और चार किमी पीएमजीएसवाई की ओर से किया जाना था। वर्ष 2006 में काम शुरू करने के बाद लोनिवि ने अब तक कार्य पूरा नहीं किया है। सड़क निर्माण के लिए ग्राम पंचायत धारीऐर, बेलतड़ी और क्वारबन की उपजाऊ भूमि को ध्वस्त कर दिया गया है। इससे ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ है। कहा कि बदहाल रास्तों से बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत होती है। वर्ष 2019-20 में पीएमजीएसवाई ने सड़क का निर्माण कार्य तो किया, लेकिन पुल का निर्माण नहीं किया। उन्होंने एक सप्ताह में सड़क और पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं करने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।