गंगोलीहाट के दशाईथल में भगौरा-राईआगर सड़क सुधारने की मांग को लेकर धरना देते लोग।
- फोटो : PITHORAGARH
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। महादेव संघर्ष सेना समूह ने बदहाल भगौरा-राईआगर सड़क की दशा सुधारने की मांग की है।
मंगलवार को महादेव संघर्ष सेना समूह के अध्यक्ष आदित्य महरा के नेतृत्व में ग्रामीण दशाईथल में क्रमिक अनशन पर बैठे। उन्होंने कहा कि भगौर से राईआगर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। डामर उखड़ गया है। बाइक सवार कई बार सड़क पर गिरकर चोटिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सड़क को ठीक नहीं किया जाता है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष उमेश भट्ट ने आंदोलन को समर्थन दिया। इस दौरान कुंदन सिंह, अर्जुन, पंकज, पवन, हरीश, कमल, जीवन, राम सिंह, राजेंद्र सिंह, दीपक, नीरज, अजय, रवि, हरीश, कमलेश, नवीन शामिल रहे।