पिथौरागढ़। मूनाकोट ब्लॉक के ग्राम सभा दोली में सड़क सुधारीकरण की मांग को लेकर महिलाओं और ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंप जल्द मांग पूरी नहीं होने पर चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी।
ग्रामीणों ने कहा है कि दोली में वर्ष 1997 में रोड कटिंग का कार्य किया गया। वर्ष 2021 में खनन न्यास के 72 लाख की लागत से लोनिवि ने सड़क का चौड़ीकरण किया। इसके बाद भी सड़क की हालत नहीं सुधर सकी। सड़क सही नहीं होने से गांव से कई युवा पलायन कर गए। अब गांव में अधिकतर बुजुर्ग ही रह गए हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहां प्रधान राधा भट्ट, चंद्रशेखर भट्ट, वंशीधर भट्ट, दीपा, रेवती, विमला, भागीरथी, हीरा भट्ट समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद