नेपाल सीमा से सटे गांवों के निर्माण की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन देते ग्रामीण। संवाद
पिथौरागढ़। तड़ेमिया से मोटाहल्दू और रछाड़ी-बड़जंगल, पियानी-पल्चौड़ा, तारागाड़ा और खेतपटौली तक सड़क निर्माण की मांग के लिए ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि नेपाल सीमा से सटे यह गांव सड़क सुविधा से वंचित हैं। सड़क नहीं होने से ग्रामीणों के साथ-साथ एसएसबी के जवानाें को भी दिक्कत हो रही है। वे लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने जनहित में शीघ्र सड़क बनाने की मांग की है। वहां शमशेर चंद, जगत घटाल, प्रकाश सामंत, किशन सामंत, निर्मल सामंत, कैलाश पंत सहित कई लोग मौजूद रहे। संवाद
प्रशासन की चौखट पर पहुंचा पेड़ काट सड़क बनाने का मामला
सील गांव के ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय में दिया ज्ञापन
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के ग्रामीणों ने चांचड़ी से सील गांव तक मार्ग को चौड़ा करने में आ रही दिक्कतों को दूर करने की मांग प्रशासन से की। उन्होंने एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन देकर मार्ग बनाने में आ रही दिक्कतों को दूर करने की मांग उठाई। सील के ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से गांव के लोग सड़क से वंचित हैं।
एक सप्ताह पहले सील गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से चंदा एकत्र कर मार्ग को चौड़ा करने के लिए दो लाख रुपये जमा किए। चांचड़ी गांव के लोग इस कार्य में व्यवधान पैदा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चांचड़ी गांव से सील गांव तक पूर्व में अश्व मार्ग बना है और 10 गांव को जोड़ता है। उन्होंने बताया कि मार्ग चौड़ा करने में शिकायतकर्ता ने पांच सौ पेड़ दिखाए हैं जबकि केवल तीन पेड़ ही कटे हैं। इस मौके पर माया देवी, लक्ष्मण सिंह, सोनू बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, यमुना बिष्ट, अंकित बिष्ट, दीवान सिंह, कल्याण सिंह, प्रेम सिंह,शंकर सिंह आदि मौजूद रहे।