पिथौरागढ़। काली नदी और गोरी नदी के संगम पर सुरक्षात्मक कार्य और सौंदर्यीकरण करने की मांग को लेकर भाजपा नेता शकुंतला दताल ने सीडीओ को पत्र दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी घोषणा की थी,लेकिन आज तक ये घोषणा पूरी नहीं हो पाई है।
शुक्रवार को सीडीओ को दिए पत्र में शकुंतला दताल ने कहा कि धारचूला विधानसभा के जौलजीबी में काली और गोरी नदी के संगम स्थल और कस्बे की सुरक्षा के लिए सीएम ने 14 नवंबर 2022 को जनता की मांग करने पर घोषणा की थी। अंतरराष्ट्रीय मेला स्थल तक मार्ग निर्माण के लिए 337480 लाख सलाहकार समिति की बैठक में प्रस्तुति और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया था। अभी तक इसमें कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। इधर, सीडीओ नंदन कुमार ने उन्हें शीघ्र कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।