रक्षा सचिव राजेश कुमार पहुंचे गुंजी
- फोटो : अमर उजाला
रक्षा सचिव राजेश कुमार सड़क मार्ग से चीन सीमा पर स्थित गुंजी पहुंचे। उन्होंने व्यास घाटी के छियालेख में बीआरओ की प्रस्तावित टनल और अन्य कार्यों का जायजा लिया। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षा सचिव राजेश कुमार दो दिवसीय दौरे पर पिथौरागढ़ के गुंजी पहुंचे। यहां उन्होंने बीआरओ के अधिकारियों से प्रस्तावित टनल की जानकारी ली।
दरअसल, छियालेख में चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख सड़क पर खड़ी चढ़ाई होने से आवाजाही में दिक्कत हो रही है। पूर्व में पिथौरागढ़ दौरे पर पहुंचे केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा इस स्थान पर टनल निर्माण की बात कर चुके हैं। यह सड़क आदि कैलाश, कैलाश मानसरोवर यात्रा के साथ ही सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में रक्षा सचिव ने छियालेख में प्रस्तावित टनल निर्माण के लिए बीआरओ के अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ओल्ड लिपुपास पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर बीआरओ के हीरक परियोजना के चीफ इंजीनियर आरएस राव, कमांडर कर्नल प्रशांत सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।