संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। कोविड-19 को लेकर बनाए गए संस्थागत क्वारंटीन सेंटरों, कोविड केयर सेंटर एवं डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर में भर्ती कोरोना संक्रमित व्यक्ति के उपचार के संबंधी जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के लिए नोडल अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें नोडल अधिकारी पीसीएस अधिकारी श्रीश कुमार ने पोर्टल से संबंधित जानकारी दी।
बृहस्पतिवार को चिकित्सा पोर्टल पर सूचनाओं को अपलोड करने का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान नोडल अधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले में एक बेड की सुविधा का डीसीसीसी (डिस्ट्रिक्ट कोविड केअर सेंटर) बनाया गया है। केन्द्र में कोरोना के ऐसे संक्रमित व्यक्ति को आइसोलेट किया जाएगा जिन्हें कम समस्या है। दूसरा केन्द्र जिले में डीसीएचसी (डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर) होगा, जो जिले में जिला चिकित्सालय बनाया गया है। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिए जितने भी क्वारंटीन केन्द्र संचालित हैं। उसमें साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी व्यक्तियों को नियमित गर्म पानी उपलब्ध हो, उन्हें किसी भी तरह की समस्या नही होनी चाहिए। प्रत्येक केन्द्र में तैनात मेडिकल नोडल को पोर्टल पर प्रतिदिन केन्द्र से संबंधित सभी जानकारी के साथ ही अन्य सुविधाओं की जानकारी अपलोड करनी होंगी। भर्ती मरीज के संबंध में उपचार की स्थिति, दवा आदि की उपलब्धता को भी दिए गए पोर्टल पर अपलोड करना होगा। जिला नोडल अधिकारी एडीएम आरडी पॉलीवाल, मास्टर ट्रेनर सूचना विज्ञान अधिकारी गौरव कुमार ने भी जानकारियां दी।
इस मौके पर पीएमएस डॉ. एनएस गुंज्याल, डॉ. केसी भट्ट, एसीएमओ डॉ. राजेश ढकरियाल, उप नोडल कोरंटीन सेंटर उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ पंकज जोशी मौजूद रहे।