धारचूला (पिथौरागढ़)। दारमा घाटी के गांवों में पिछले पांच-छह दिनों से रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी हो रही है। इसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनजीवन अस्त व्यस्त होने के साथ ही कई परेशानियों के बीच नगालिंग में ग्रामीण बर्फबारी का आनंद उठाते नजर आए।
वाहन चालक गोविंद सिंह सेलाल एवं दांतू प्रधान जमन सिंह दताल ने बताया कि बर्फबारी, बारिश के चलते सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूर और सीमा की सुरक्षा में लगे जवानों को ठंड से काफी दिक्कतें हो रही है। सेलाल ने बताया कि बर्फबारी और मलबा आने से नागलिंग बॉलिंग के बीच सड़क तीन दिनों से बंद है। इसकी सूचना कार्यदायी संस्था सीपीडब्ल्यूडी को दे दी है।
उधर दुग्तु निवासी होम स्टे संचालक प्रकाश सिंह दुग्ताल और उनकी टीम ने पंचाचूली ग्लेशियर घूमने आए पर्यटकों को बालिंग के गलछिन में बंद सड़क को श्रमदान से खोलकर सुरक्षित धारचूला पहुंचाया। टीम के सदस्यों रमेश सिंह, भूपेश सिंह ने दो घंटे तक बेलचा एवं कुदाल से बर्फ हटाकर सड़क खोली। उन्होंने बताया कि पंचाचूली ग्लेशियर की चोटी एवं अंतिम सीमाओं में एक फुट और गांव में छह इंच तक बर्फबारी हुई है।