पिथौरागढ़ में डीएम को ज्ञापन सौंपते जम्कू के प्रधान सोबन सिंह। स्रोत: स्वयं
धारचूला (पिथौरागढ़)। जम्कू ग्राम सभा में पिछले वर्ष जून में आई आपदा से ध्वस्त पीएमजीएसवाई की सड़क को सुधारने के लिए प्रधान ने सौ किमी दूर पहुंच डीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रधान सोबन सिंह ने ज्ञापन में कहा है कि दैवीय आपदा से ध्वस्त सड़क को सुधारने के लिए कई बार विभाग-प्रशासन से गुहार लगाई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। कहा है कि सड़क बंद होने से बुजुर्ग, स्कूली बच्चों, महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण खाद्यान्न सामग्री, सिलिंडर आदि पीठ में ढोने को विवश हैं। कहा है कि सड़क बंद होने से ग्रामीणों में काफी रोष पनप रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शीघ्र सड़क नहीं खोली गई तो ग्रामीण आंदोलन को विवश होंगे। संवाद