डीडीहाट की कौली गराली को सड़क बदहाल। संवाद
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। प्री मानसून बारिश में बंद सड़कों को अभी तक नहीं खोला जा सका है। पीएमजीएसवाई की कई सड़कें जून से ही बंद हैं। सड़कें खोलने के लिए विभाग के पास पैसा भी नहीं है। वहीं बंद सड़कों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में रोजमर्रा की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं। 1140 रुपये में मिलने वाला घरेलू सिलिंडर अतिरिक्त भाड़ा चुकाने के बाद 1800 से 2000 रुपये तक में पड़ रहा है।
जून 23 और 25 को हुई बारिश से 25 किमी लंबी डीडीहाट-देवीसूना-कौली-गराली, आदिचौरा-हुनेरा, आदिचौरा कुणिया सड़क बंद हैं। ग्रामीणों को सड़क से डीडीहाट आने के लिए दोगुने से अधिक भाड़ा देना पड़ रहा है। सड़क होने के बाद भी ग्रामीणों को कई किमी पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। यही नहीं रसद नहीं पहुंचने से रोजमर्रा की चीजें भी महंगी होती जा रही हैं। टमाटर लोगों को 150 रुपये किलो खरीदना पड़ रहा है। 40 रुपये वाला प्याज 70 और भिंडी भी 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसके अलावा 80 रुपये किलो वाली दाल 120 रुपये से अधिक के दाम पर बिक रही है।
जून से सड़क के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई आसमान छूने लगी है। शासन-प्रशासन बंद पड़ी सड़कों को खुलवाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। - गोविंद राम, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य, गराली।
सड़कों के बंद होने से गांव तक रसोई गैस सिलिंडर लाने में यह 1800 से 2000 रुपये तक पहुंच जा रहा है। ग्रामीण मजबूरी में महंगे दामों में रोजमर्रा का सामान खरीदने को मजबूर हैं। - अनिल सिंह कन्याल, स्थानीय, कौली।
बारिश के कारण सड़कों को काफी नुकसान हुआ है। इन्हें ठीक कराने के लिए शासन से धनराशि की मांग की गई है। धनराशि मिलने के बाद सड़कों को खोलने का काम किया जाएगा। - दरमियान सिंह, ईई पीएमजीएसवाई।