अराजक तत्वों द्वारा तोड़ा गया स्कूल का दरवाजा
- फोटो : अमर उजाला
अराजक तत्वों ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेलती (भांतड़) के दरवाजे तोड़कर जला दिए। लगातार दो दिनों से विद्यालय में हो रही इस तरह की घटना पर शिक्षकों और अभिभावकों में रोष है। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस-प्रशासन से अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
उमावि मेलती में अराजक तत्वों ने मंगलवार की रात तोड़फोड़ कर दी। उन्होंने एमडीएम कक्ष के दरवाजे तोड़कर उनमें आग लगा दी। बुधवार सुबह स्कूल पहुंचने पर घटना का पता चला। बुधवार देर रात क्षेत्र में चल रही रामलीला समाप्त होने के बाद जब अराजक तत्वों का पता लगाने के लिए प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह भंडारी स्कूल पहुंचे तो फिर से अराजक तत्व दरवाजे और खिड़कियों को तोड़ने का प्रयास कर रहे थे।
उनको आता देख अराजक तत्व भाग गए। उनका पीछा करने पर प्रधानाचार्य का चश्मा और मोबाइल फोन गिरकर टूट गया। अंधेरा होने से प्रधानाचार्य अराजक तत्वों को पहचान नहीं पाए। प्रधानाचार्य ने बताया कि अराजक तत्वों ने घंटी लटकाने वाले स्टैंड को भी उखाड़कर झाड़ियों में फेंक दिया है। विद्यालय के प्रबंधक वंशीधर भट्ट ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
मौजूद स्टाफ को करना पड़ता है चौकीदार का काम
थल। अशासकीय विद्यालय मेलती में एलटी शिक्षकों के चार पद रिक्त चल रहे हैं। इस विद्यालय में चौकीदार के सात पद सृजित थे। पिछले वर्षों में सभी के रिटायर होने के बाद इन पदों को समाप्त कर दिया गया। अब विद्यालय के मौजूदा स्टाफ को ही चौकीदारों का काम भी करना पड़ता है।