पिथौरागढ़ में एक्टिवेट सिम के साथ पकड़े गए युवक
- फोटो : अमर उजाला
एसओजी ने 17 एक्टिवेटेड सिम के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह दोनों युवक पिछले लंबे समय से बिना आईडी के लोगों को सिम बेच रहे थे।
जिले में लंबे समय से फर्जी सिम को प्री-एक्टिवेशन के साथ बेचने की सूचनाएं मिल रही थीं। सीमांत जनपद की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी रामचंद्र राजगुरु ने डीएसपी शेखर सुयाल को इसमें लिप्त लोगों को पकड़ने के निर्देश दिए थे। डीएसपी की ओर से एसओजी को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी। एसओजी ने 17 अगस्त की देर शाम नगर के प्रियदर्शनी पार्क के पास से राहुल बिष्ट और सुरेंद्र कार्की को गिरफ्तार किया। इनके पास से आइडिया के 11, एयरटेल के चार, बीएसएनएल के दो और एक बायोमैट्रिक मशीन मिली।
पूछताछ में युवकों ने काफी लंबे समय से बिना आईडी के सिम ऊंची कीमतों में बेचने की बात कही। डीएसपी सुयाल ने बताया कि प्री एक्टिवेटेड सिम नेपाल के लोग या अपनी पहचान छुपाने वाले अपराधियों द्वारा खरीदे जाते हैं। इसके बाद इन सिमों का उपयोग कई तरह के अपराध करने में किया जाता है। बिना आईडी का सिम होने पर ऐसे तत्वों की पहचान करना पुलिस के लिए कठिन हो रहा था। उन्होंने लोगों से नया सिम एक्टिवेट करने में सतर्कता बरतने और अपना सिम किसी भी स्थिति में दूसरों को न देने की अपील की है। युवकों को पकड़ने वाली टीम में एसआई हीरा सिंह डांगी, कंचन पलड़िया, कांस्टेबल प्रवीन कुमार, सतेंद्र सुयाल, अरविंद कुमार, संदीप चंद शामिल थे।