इस तहसील के डोर गांव में शनिवार सुबह 10.30 बजे एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। यह महिला निराई के लिए धान के खेत में गई थी। ठीक खेत के पास डोर से सैणरांथी जाने वाली 11 केवी बिजली लाइन का तार झूल रहा था। महिला को झूलते तार का आभास नहीं हुआ। हवा के हल्के झोंके में ही तार जमीन पर आ गया और महिला को करंट लग गया। इलाके में करंट से मौत की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
प्रधान कौशल्या देवी ने शनिवार सुबह मुनस्यारी स्थित आपदा प्रबंधन केंद्र को सूचना दी कि गांव की गोविंदी देवी (45) पत्नी स्व. जगत सिंह की शनिवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। आपदा प्रबंधन केंद्र ने घटना की जानकारी विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी। बताया गया कि गोविंदी के पति जगत सिंह की नौ साल पहले ट्रक दुर्घटना में मौत हुई थी, जबकि दो साल पहले ला झेकला के पास हुई कार दुर्घटना में उनके बड़े बेटे की भी मौत हो गई थी। गोविंदी की मौत के बाद अब परिवार में मात्र 17 साल का बेटा रह गया है।
मुनस्यारी तहसील में विद्युत विभाग की लापरवाही से पिछले दो साल में करंट से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के एसडीओ नीरज पांडे डोर गांव को रवाना हो गए हैं। पूरे तहसील क्षेत्र में बिजली की लाइनों की हालत बेहद खराब है। वह जमीन और पेड़ों को छू रहे हैं। बिजली के पोल वर्षों से नहीं बदले गए हैं। स्थानीय लोगों में इस तरह की लापरवाही को लेकर भारी गुस्सा है। उनका कहना है कि यदि बिजली की लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया तो विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। भाजपा नेता जगत मर्तोलिया ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से यह घटनाएं हो रही हैं।