पिथौरागढ़/गंगोलीहाट/नाचनी/थल। लोकसभा चुनाव को देखते हुए उप महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र अजय जोशी और पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु के निर्देश पर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया है। सोमवार और मंगलवार को जिला मुख्यालय के साथ ही गंगोलीहाट और नाचनी में अवैध शराब के साथ सात लोगों पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह नेगी ने शराब परोसने के आरोप में विनोद सिंह निवासी न्यू कालोनी ऐंचोली, केदार सिंह निवासी रई धारा के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की। पौण निवासी हर सिंह से एक बोतल, चार पव्वे अंग्रेजी शराब और चार बोतल देसी शराब बरामद की। दाड़िमखोला निवासी उमेश मेहता उर्फ सोनू के कब्जे से देसी शराब की चार बोतलें और अंग्रेजी शराब की एक बोतल व तीन पव्वे बरामद किए।
उधर गंगोलीहाट थाना पुलिस ने भगवान सिंह निवासी भाटगांव को देसी शराब की 14 बोतलों के साथ गिरफ्तार किया। नाचनी थाना पुलिस ने राजेंद्र राम निवासी होकरा के पास से अंग्रेजी शराब की एक बोतल और सात पव्वे बरामद किए गए। थल थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने बताया कि सोमवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने आमथल निवासी प्रेमा देवी से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद की। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
फरार आरोपी गिरफ्तार
पिथौरागढ़। पुलिस ने एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पीएस नेगी ने बताया कि अभियुक्त रवि कुमार निवासी विण को डीडीहाट कोतवाली पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चार मार्च से लापता था। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।