पिथौरागढ़। नोट बंदी के समय पांच सौ और एक हजार रुपये के जाली नोट जमा होने के मामले में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरबीआई की ओर से रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पिथौरागढ़ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आठ नवंबर 2016 को पांच सौ और एक हजार रुपये के पुराने नोट बंद होने के बाद लोगों ने बैंकों में रुपये जमा कराए थे। यह रकम बैंक शाखाओं से आरबीआई को भेजी गई थी। आरबीआई के अनुसार पिथौरागढ़ एसबीआई से भेजी गई पुराने नोटों की खेप में आरबीआई को पांच सौ के 19 और एक हजार रुपये के 20 जाली नोट मिले।
आरबीआई कानपुर के प्रबंधक सत्य प्रकाश की रिपोर्ट पर पिथौरागढ़ पुलिस ने बैंक में नकली नोट जमा करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।