पिथौरागढ़। होली पर बंगलूरू से घर लौट रहे युवक के तालाब में डूबने से हुई मौत से पर्दा उठ नहीं पाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
नेपाल के बैतड़ी निवासी रामबहादुर बंगलूरू में एक निजी कंपनी में काम करता था। होली की छुट्टी पर वह बंगलूरू से बैतड़ी लौट रहा था। उसने घरवालों को बंगलूरू से घर आने की जानकारी फोन पर दी थी, लेकिन इस बीच पिथौरागढ़ के विण क्षेत्र में रामबहादुर का शव तालाब में उतराता मिला।
रामबहादुर ने तालाब में कूदकर आत्महत्या की या फिर वह दुर्घटनावश तालाब में गिरा आदि कई सवालों के पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। मृतक के पास कोई सुसाइट नोट भी पुलिस को नहीं मिला है। अब तक घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। परिजनों ने भी घटना को लेकर कोई शिकायत नहीं की है। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने डूबने से मौत की आशंका जताई है। एसआई हीरा सिंह डांगी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।