डीडीहाट (पिथौरागढ़)। तहसील मार्ग पर स्थित एक रेस्टोरेंट से एक जनवरी की रात चोरी करने वालों में से एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी में लिप्त दूसरा आरोपी फरार बताया गया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस उपनिरीक्षक एमएस बोहरा ने बताया कि एक जनवरी की रात तहसील मार्ग स्थित मयूर रेस्टोरेंट के पीछे की दीवार तोड़कर चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में रेस्टोरेंट के मालिक मनीष बोरा ने थाने में रिपोर्ट लिखाई। कहा कि उनके रेस्टोरेंट से 12 हजार रुपये की नकदी और एक कीमती मोबाइल सेट चोरी हो गया है। पुलिस ने बुधवार की सुबह डीडीहाट नगर निवासी 19 वर्षीय सचिन कुमार को गिरफ्तार किया। सचिन ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि चोरी करते समय उसके साथ त्रिभुवन बोरा नाम का युवक भी था।
वही मोबाइल सेट और ज्यादा रुपये लेकर गया। पुलिस ने दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह घर से फरार है। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि एक जनवरी की रात एक बजे वह और उसका साथी रेस्टोरेंट के पीछे की तरफ घुसे और कुदाल तथा बेलचे की मदद से दीवार तोड़ी। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ धारा 427, 457, 411 और 380 में मुकदमा दर्ज किया गया। पकड़ने वाली टीम में उपनिरीक्षक रवींद्र पांगती, महेश डंगवाल, दीपक बिष्ट शामिल थे। पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए टीम का गठन कर दिया है।