पिथौरागढ़। एक से 15 जून तक चले यातायात सुधार अभियान समाप्त हो गया है। इसके तहत पुलिस ने तेज रफ्तार वाहन चलाने पर 112 वाहनों का न्यायालय का चालान किया गया। इसके अलावा 75 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई।
पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु के निर्देश पर सीओ शेखर सुयाल के नेतृत्व में ओवर स्पीड के खिलाफ एक से 15 जून तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके तहत अलग-अलग टीमों ने वाहनों की चेकिंग की। इस कार्रवाई में 112 वाहनों का न्यायालय का चालान किया गया। जबकि 75 चालकों के लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की गई। ओवर स्पीड वाहनों की जांच करने वाली टीम में यातायात प्रभारी दरबान सिंह, रडार गन एक्सपर्ट कांस्टेबल बृजेश जोशी, हेमराज सिंह, हरीश जोशी आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे।
अब रेट्रो साइलेंसर लगी बाइक होंगी सीज
पिथौरागढ़। ओवर स्पीड के बाद पुलिस अब रेट्रो साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में मोटर साइकिलें दौड़ाने वाले बाइकर्स के खिलाफ अभियान चलाएगी। कानफोड़ू आवाज पैैदा करने वाली मोटरसाइकिलों के कारण राहगीरों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुलिस अब तक जिले में ऐसे 11 दोपहिया वाहनों को सीज कर चुका है। पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरुने यातायात प्रभारी को तेज आवाज और तेज रफ्तार के साथ सड़कों में बुलेट दौड़ाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।