मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। चोरों ने डाडाधार स्थित मां नंदा देवी मंदिर का दानपात्र तोड़कर 47000 रुपये चुरा लिए। चोरों ने मंदिर के पास की दुकान का भी ताला तोड़ा है।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष देव सिंह पापड़ा ने बताया कि रविवार सुबह जब वह मंदिर पहुंचे तोे दानपात्र और मंदिर के पास की दुकान का ताला टूटा हुआ था। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने सीसीटीवी की फुटेज देखी तो उसमें शनिवार रात 10:56 बजे तीन लोग दानपात्र और दुकान का ताला तोड़ते हुए नजर आ रहे थे।
कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि 17 सितंबर को मंदिर में मां नंदा देवी मेला संपन्न हुआ था। मंदिर में हुए रंगरोगन अन्य कार्यों का मंदिर कमेटी की बैठक में हिसाब होना था, जिसके लिए उन्होंने 47 हजार रुपये दानपात्र में रखे थे। इसके पहले कि हिसाब करते, चोरों ने रकम पर हाथ साफ कर लिया। उन्होंने मुनस्यारी थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। थानाध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।