अस्कोट (पिथौरागढ़)। अस्कोट पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ननद और सास के खिलाफ जांच की जा रही है।
कनालीछीना के गोवत्सा निवासी बहादुर सिंह की पुत्री पूजा का विवाह सात मई को डीडीहाट तहसील के पथरौली निवासी दिगंबर सिंह से हुआ था । 24 मई को पूजा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के पिता बहादुर सिंह ने डीएम को शिकायती पत्र देकर ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। डीएम के हस्तक्षेप के बाद राजस्व उप निरीक्षक सिंघाली सूर्य प्रकाश पांडे ने दहेज हत्या की धारा 304 बी आईपीसी में आरोपी पति दिगंबर सिंह के साथ ही मृतका की सास और ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
एक जून को डीएम सी रविशंकर के आदेश पर मामला राजस्व पुलिस से हटाकर रेगूलर पुलिस को सौंप दिया गया। धारचूला के पुलिस उपाधीक्षक विमल आचार्य ने मामले की जांच की। अस्कोट के थानाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ खान ने बताया कि सोमवार सुबह 6.20 बजे आरोपी पति को ओगला पुलिस चौकी के पास पाठक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को डीडीहाट के न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रकरण में मृतका की सास और ननद की भूमिका की जांच की जा रही है। संलिप्तता पाए जाने पर उनकी भी गिरफ्तारी होगी। बता दें कि आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मृतका के पिता ने गांव के लोगों के साथ डीएम कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी थी।