झूलाघाट (पिथौरागढ़)। वड्डा के पास लेलू गांव में यूपीसीएल की टीम ने बिजली चोरी करते सात लोगों को रंगे हाथों पकड़ा है। सभी पर 2.56 लाख का जुर्माना लगाया गया है। पकड़े गए सभी लोग मीटर से पहले लाइन काटकर विद्युत चोरी कर रहे थे। तीन दिन के भीतर धनराशि जमा नहीं करने पर विभाग कानूनी कार्रवाई करेगा।
यूपीसीएल के अधिकारियों को लंबे समय से लेलू गांव में बिजली चोरी की शिकायत मिल रही थी। इस पर शुक्रवार दोपहर दो बजे टीम ने छापा मारा। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता नितिन सिंह गर्खाल के नेतृत्व में छापा मारने गई टीम में एसडीओ बीके बिष्ट, जेई हरीश कुमार, एमएस बृजवाल और लाइनमैन नारायण राम थे। अधिशासी अभियंता नितिन गर्खाल ने बताया कि यह अभियान जारी रखा जाएगा। इधर, विभाग की ओर से चलाए गए इस अभियान से बिजली चोरी के मामलों में काफी कमी आई है।