पिथौरागढ़। रेप पीड़िता को केस वापस लेने के लिए आरोपी पक्ष से धमकी मिली है। आरोप है कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर एसिड अटैक की धमकी दी जा रही है। पीड़ित के परिजनों ने शिकायत के साथ ही डीएम से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बृहस्पतिवार को रेप पीड़िता के पिता एवं परिजन कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम कार्यालय में शिकायती पत्र दिया। पीड़ित पक्ष ने बताया कि आरोपी के संबंधी उन पर केस वापस लेने केे लिए दबाव डाल रहे हैं। केस वापस न लेने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पीड़िता पर तेजाब डालने की धमकी भी दी है। इस मामले में डीएम ने बताया कि पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया है।
आरोप सही साबित हुए तो धमकाने वालों पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। बता दें कि पिछले माह नगर में रेप की घटना सामने आई थी। आरोपी धारचूला निवासी एक युवक ने यहां इलाज के लिए भर्ती बहन की तीमारदारी में आई एक नाबालिग से दुष्कर्म किया था। इस मामले में पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है, जबकि आरोपी जेल में है।