गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। सड़क हादसे में गंगोलीहाट के व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश धानिक (45) पुत्र राम सिंह धानिक निवासी कुंजनपुर घायल हो गए, जबकि उनकी कार खाई में जा गिरी थी।
रविवार सुबह धानिक अपनी नई मारुति कार से पव्वाधार से गंगोलीहाट लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे नगर से तीन किमी दूर लाली के पास एक मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर 150 फुट गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में धानिक अकेले ही थे। घायल धानिक खाई से खुद ही चलकर सड़क तक आए। उन्होंने कोठेरा निवासी वाहन चालक खुशाल राम को फोन कर हादसे की जानकारी दी। खुशाल राम धानिक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आया।
धानिक के माथे और आंखों की पलकों पर गहरी चोट है। छाती में अंदरूनी चोट के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनकी हालत खतरे से बाहर है। हादसे की सूचना मिलते ही कई लोग घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने व्यापार मंडल अध्यक्ष के स्वास्थ्य की जानकारी ली। दुर्घटना में कार को काफी नुकसान पहुंचा है। कार उन्होंने हाल में खरीदी थी। कार में अभी नंबर भी नहीं पड़ा है।