बैतड़ी (नेपाल)। नेपाल के बैतड़ी से लगे डडेलधूरा में बृहस्पतिवार देर शाम हुई बस दुर्घटना के सभी 18 शवों की शिनाख्त कर ली गई है। सभी मृतक डडेलधूरा, डोटी, कैलाली और शिलगड़ी जिलोें के थे। प्रदेश नंबर सात के मुख्यमंत्री त्रिलोचन भट्ट ने शिलंग-सजयी पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही दुर्घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
डडेलधूरा ट्रैफिक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना में मारे गए सिलंग-सजयी के शशि विक (35), गोपा भाट (25), कैलाश रावल (40), योगेंद्र रावल (40), डडेलधूरा के चक्र धामी (22), तिलक खाती (20), टेक धामी (17), माया रावल (18) डोटी के रोहित बलायर (16), योगेंद्र बोहरा (22), शंकर जोहर (24), शारदा राउत (24) कैलाली के नारायण चौधरी (28), सागर बलायर (15), पदम बिक (24), पूरन कठायत (23), शारदा कठायत (20), केशव कठायत (21) के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। प्रहरी प्रभारी गणेश सिंह नागरी ने बताया कि घायलों में 10 को धनगढ़ी के सेती अस्पताल, सात को कोहलपुर और 10 को उपक्षेत्रीय अस्पताल डडेलधूरा में भर्ती किया गया है।