बैतड़ी (नेपाल)। नेपाल के डडेलधूरा जिले में दो घरों से तीन अवैध बंदूकें मिली हैं। नेपाल प्रहरी ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है।
डडेलधूरा प्रहरी ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को ग्यानधुरा, गांवपालिका तीन के दो घरों में छापेमारी की। छापेमारी में कांतीपुर गांव के केशव बहादुर साही, कर्ण बहादुर भूल, टेक बहादुर भूल और शंकर बहादूर साही को गिरफ्तार किया है। बृहस्पतिवार को पत्रकारों के सम्मुख मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी चक्र बहादुर जोशी ने बताया कि केशव बहादुर साही ने कर्ण बहादुर और टेक बहादुर की दो बंदूकों को अपने घर में छिपा रखा था।
साथ ही शंकर बहादुर के घर में एक बंदूक मिली है। चारों लोगों से गहन पूछताछ के लिए मामले को अनुसंधान शाखा को सौंप दिया गया है। नेपाल के कानून के हिसाब से चारों पर बिना लाइसेंस के बंदूक रखने का मामला दर्ज कर दिया है। ऐसे मामले में तीन वर्ष से छह वर्ष की सजा और 60 हजार जुर्माने का प्रावधान है।