पिथौरागढ़। नगर के दो अलग-अलग पब्लिक स्कूलों के दो नाबालिग छात्र लापता हो गए हैं। पुलिस गुमशुदा छात्रों की तलाश में जुटी है। देर रात वन क्षेत्र में मिली लोकेशन के आधार पर कांबिंग जारी है।
जाजरदेवल थाना प्रभारी दीपक बिष्ट ने बताया कि मूनाकोट निवासी 13 वर्षीय अमन चंद और रई निवासी 14 वर्षीय प्रियांशु भंडारी शनिवार सुबह अपने घरों से स्कूल रवाना हुए थे। इसके बाद उन्हें रई पुल के पास स्कूल बस स्टॉप पर देखा गया था। दोनों छात्र दोपहर बाद घर नहीं लौटे। जांच में उनके स्कूल न पहुंचने की जानकारी मिली। एसओ ने बताया कि जिले के सभी थानों को सूचित कर दिया है। जिले से बाहर जाने वाले मार्गों की चेकिंग की जा रही है।
अमन एशियन पब्लिक स्कूल में 8वीं, जबकि प्रियांशु मानस एकेडमी में 9वीं का छात्र है। अमन के पिता जगदीश चंद और प्रियांशु के पिता ललित भंडारी ने गुमशुदगी दर्ज कराई है। एसओ ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने देर रात हुलिये के आधार पर छात्रों को गांव से सटे जंगल में देखा था। सूचना के बाद पुलिस की एक टीम मड़ के जंगल और आसपास के इलाकों में कांबिंग कर रही है।