पिथौरागढ़। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के पुलिस ने 6187 लीटर अवैध अंग्रेजी, देसी और कच्ची शराब बरामद की है। इसकी कीमत लगभग 17 लाख है। ये शराब 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान चलाए गए अभियान से ढाई गुना अधिक है। जिले में उड़न दस्ते ने अलग-अलग घटनाओं में अब तक 24.45 लाख रुपये की रकम पकड़ी है।
पुलिस अधीक्षक राजचंद्र राजगुरु ने बताया कि आचार संहिता प्रभावी होने के साथ ही अवैध शराब के धंधे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत जिले में पुलिस ने 2511 लीटर और आबकारी महकमे ने 3676 लीटर अवैध शराब बरामद की है। तस्करी के लिए बाहर से आने वाली शराब पर कड़ी नजर रखी जा रही है। चुनाव में शराब के ठेकों पर पर्ची के माध्यम से शराब बांटने की संभावना को देखते हुए शराब की दुकानों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। इस अवधि में अवैध चरस तस्करी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए 983 ग्राम चरस बरामद की है। 3 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि छापेमारी, चेकिंग के लिए 14 स्थेटिक निगरानी टीम, 24 फ्लाइंग स्क्वायड टीम गठित की गई हैं। चेकिंग अभियान मतदान तिथि तक जारी रहेगा।
एसपी ने बताया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए 6 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। 706 व्यक्तियों का पाबंद करने के लिए चालानी रिपोर्ट भेजी गई। संबंधित मजिस्ट्रेट ने 165 लोगों को पाबंद किया है। चुनाव को देखते हुए 1631 लाइसेंस धारियों से शस्त्र जमा कराए गए हैं। रेगुलर पुलिस ने 1227, राजस्व पुलिस ने 404 शस्त्र जमा कराए हैं।