हल्द्वानी से लापता व्यक्ति का नहीं चला पता
पिथौरागढ़। यहां बुंगा (जाखपुरान) निवासी एक व्यक्ति 23 दिन से लापता है। लापता व्यक्ति का पता न चलने से उसके परिजन परेशान हैं। बुंगा निवासी ललित सिंह मेहता पुत्र हीरा सिंह ने बताया कि उनका भाई देवेंद्र सिंह मेहता 28 मई 2017 को वैगनआर कार में पिथौरागढ़ से सवारी लेकर हल्द्वानी गया था। उसी रात करीब साढ़े नौ बजे हल्द्वानी के एक होटल में दो अन्य लोगों के साथ उसके भोजन करने का पता चला। उसके बाद भाई के दोनों फोन नंबर स्विच ऑफ आ रहे हैं। तमाम जगह ढूंढखोज की गई। उसका कहीं पता नहीं चल रहा है। कहा है कि देवेंद्र सिंह के पास 30 हजार रुपये भी थे। हल्द्वानी कोतवाली में 31 मई को उसने भाई के लापता होने की एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बावजूद उनके भाई का कोई पता नहीं चला है। ललित सिंह मेहता ने पुलिस से उसके भाई का पता लगाने की मांग की है।