मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। सात साल से फरार चल रहे हत्या के प्रयास के एक आरोपी को पुलिस ने शिमला में गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ 2008 में हत्या के प्रयास का मामला राजस्व पुलिस में दर्ज हुआ था।
मुनस्यारी के मवानी दवानी निवासी बालागिरी के खिलाफ राजस्व पुलिस में आईपीसी की धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी तीन जेल में रहा। न्यायालय से जमानत पर छूटने के बाद वह फरार हो गया।
2011 में जिला एवं सत्र न्यायाधीश पिथौरागढ़ ने आरोपी को फरार घोषित किया गया था। बाद में यह मामला रेगूलर पुलिस को हस्तांतरित हुआ। इसी बीच पुलिस को आरोपी के शिमला में होने का पता चला। मुनस्यारी के एसओ प्रदीप सिंह चौहान के नेतृत्व में मदकोट के चौकी प्रभारी एसआई नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अनिल पुंडीर, यशवंत सिंह, महेंद्र कुमार, संतोष कुमार, आनंद सिंह कनवाल ने दबिश दी। पुलिस अधीक्षक ने सात साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि हत्या के प्रयास के आरोप में जमानत पर छूटे मवानी-दवानी निवासी बाला गिरी ने शिमला जाकर शादी कर ली थी। आरोपी शिमला में पहचान छुपाकर रह रहा था। उसकी चार साल की बेटी भी है। वह वहां पर माली का काम कर रहा था।