संवाद न्यूज एजेंसी पिथौरागढ़। कोविड-19 को लेकर पिथौरागढ़ में 46 पदों पर हुई नियुक्ति में धांधली के आरोप लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने नियुक्तियों में भाई भतीजावाद करने का आरोप लगते हुए मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। पिथौरागढ़ में कोरोना महामारी को एक चिकित्सक, नर्स, फार्मासिस्ट, एक्सरे टैक्निशियन, डाटा एंट्री आपरेटर सहित कई अन्य पदों के लिए 46 नियुक्ति हुई हैं। इन पदों पर थर्ड पार्टी से नियुक्तियां हुई थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मथुरा दत्त जोशी का कहना है कि सरकार ने इन नियुक्तियों में धांधली की है। उन्होंने कहा जीरो टालरेंस की बात करने वाली सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सीएमो डा.ऊषा गुंज्याल का कहना है कि शासन की गाइड लाइन के तहत ही नियुक्तियां की गई हैं।