पिथौरागढ़। नियमितीकरण की मांग को लेकर संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं-गढ़वाल मंडल विकास निगम के कर्मचारियों का पौधरोपण आंदोलन 200वें दिन भी जारी रहा।
अभिनेता हेमंत पांडेय के नेतृत्व में आज आंदोलित कर्मचारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से गुरना देवी मंदिर परिसर में 200 पौधों का रोपण किया। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने बताया कि मंगलवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल की इकाइयों में दो हजार पौधों का रोपण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजे गए। उन्होंने बताया कि तीन जुलाई से चले आंदोलन के तहत अब तक 37,000 पौधों का रोपण किया जा चुका है। अभिनेता पांडेय ने कहा कि गुरुरानी की पहल पर आंदोलन के तहत प्रकृति संरक्षण के लिए जो कार्य किया जा रहा है वह सराहनीय है। यहां वेदप्रकाश भट्ट, बसंत भट्ट, बबीता थापा, चंद्रकला, विजया, आशा, हर सिंह, शेर सिंह, राजेंद्र सिंह समेत कई निगम कर्मी मौजूद रहे।