डीडीहाट में विधायक का पुतला फूंकते कांग्रेसी।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट में डॉक्टरों और दवाई की कमी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला फूंका।
सोमवार को नगर की पोस्ट आफिस रोड पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव ललित चुफाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक बिशन सिंह चुफाल का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 25 साल से डीडीहाट का नेतृत्व कर रहे विधायक चुफाल ने कभी भी डीडीहाट के अस्पताल की सुध नहीं ली। कांग्रेस कार्यकाल में इस अस्पताल को फर्स्ट रिफरल सेंटर का दर्जा दिया गया था। परंतु विधायक की उदासीनता के चलते वर्तमान में इस अस्पताल में न तो बाल रोग विशेषज्ञ है और न ही महिला चिकित्सक। विशेषज्ञ चिकित्सकों के नहीं होने से यहां से रोजाना कई मरीज पिथौरागढ़ या हल्द्वानी जाने को मजबूर हैं। डीडीहाट अस्पताल में 18 साल से एक्सरे टेक्नीशियन का न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। पुतला फूंकने वालों में पूर्व ब्लाक अध्यक्ष राजू बोरा, बिक्रम देउपा, कैलाश खोलिया, सुंदर देउपा, संजय कन्याल आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।