डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में रैली के बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण के मामले में कांग्रेस ने भाजपा को घेरा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम खुशबू पांडे के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन देकर ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम देउपा ने कहा कि भाजपा दलित विरोधी मानसिकता से ग्रसित है जिसका प्रमाण वह समय-समय पर देती रहती है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बाद मंच का शुद्धिकरण करना दलित समाज का अपमान है। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की। ज्ञापन देने वालों में कविंद्र शाही, ललित भंडारी, मोहन राम, सुजाता देवी, हिमांशु चुफाल, बंशीघर भट्ट, बसंत जोशी, भूपाल राम, उमेद विश्वकर्मा, बलवंत बोरा आदि थे।