झूलाघाट (पिथौरागढ़)। क्षेत्र में शनिवार की सुबह से संचार सेवा बाधित रही। यहां बीएसएनएल की संचार सेवा मजिरकांडा गांव में लगे एकमात्र बीएसएनएल के मोबाइल टावर पर निर्भर रहती है। क्षेत्र में मोबाइल सिग्नल कमजोर होने से डाटा की स्पीड कम है। लोगों ने इंटरनेट की सुविधा के लिए घरों और व्यवसायिक संस्थानों में ब्राडबैंड वाईफाई लगाए हैं। पिथौरागढ़-झूलाघाट रोड पर वड्डा और मजिरकांडा के बीच में ओएफसी लाइन क्षतिग्रस्त होने से संचार सेवा बाधित हो गई। इससे एसबीआई, ग्रामीण बैंक, पोस्ट आफिस, सीएससी सेंटर आदि स्थानों पर कामकाज ठप रहा। कई लोगों को बगैर कार्य कराए ही वापस लौटना पड़ा। दोपहर में सेवा शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद