लोहाघाट (चंपावत)। नगर लोहाघाट के गोरखा नगर में आयोजित मां दुर्गा महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। महोत्सव में क्षेत्रीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने कुमाऊंनी-गढ़वाली लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बाल कलाकारों को पुरस्कृत किया गया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजू सार्की की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने कुमाऊंनी और गढ़वाली लोकगीत प्रस्तुत किए। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजक समिति की ओर से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया। महोत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शेखर गोरखा ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि कार्यक्रम का संचालन पवन बहादुर ने किया। यहां फार्मासिस्ट सुरेश जोशी, अजय गोरखा, सुमित सार्की, शरद गोरखा, भान गोरखा, शिवम सार्की, हरीश गोरखा, सचिन गोरखा और भुवन बहादुर आदि थे।