फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: मुख्य सचिव संधू आज आएंगे ज्योलिंगकांग

Thu, 21 Sep 2023 09:46 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
धारचूला के दोबाट में सड़क बंद होने से फंसे वाहन। स्रोत: नवीन जोशी
विज्ञापन
धारचूला/पिथौरागढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिथौरागढ़ दौरे के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। उत्तराखंड के मुख्य सचिव एसएस संधू बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर से ज्योलिंगकांग पहुंचेंगे। अधिकारी प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल आदि कैलाश, ओम पर्वत और नारायण आश्रम क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
विज्ञापन

11 और 12 अक्तूबर को अपने संभावित दौरे में प्रधानमंत्री आदि कैलाश, नारायण आश्रम और फिर पिथौरागढ़ आएंगे। इसको देखते हुए व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जा रही हैं। प्रदेश के मुख्य सचिव एसएस संधू व्यवस्थाओं का जायजा लेने बृहस्पतिवार को ज्योलिंकांग आएंगे। मुख्य सचिव के दौरे को देखते हुए पिथौरागढ़ से डीएम रीना जोशी, एसपी लोकेश्वर सिंह और धारचूला के एसडीएम दिवेश शाशनी भी गुंजी रवाना हो गए हैं। इसके अलावा धारचूला से तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी को नारायण आश्रम भेजा गया है। इधर जिला मुख्यालय में भी सड़कों को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है।
इनसेट
एनएच बंद होने से तीन घंटे जाम में फंसे डीएम सहित अन्य अधिकारी
धारचूला। चट्टानें खिसकने से दोबाट के पास बंद तवाघाट-धारचूला राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार देर शाम 16 घंटे बाद खुल सका। मुख्य सचिव के दौरे को देखते हुए गुंजी जा रही डीएम रीना जोशी और एसपी लोकेश्वर सिंह सहित कई कर्मचारी करीब तीन घंटे जाम में फंसे रहे। इस दौरान एनएचपीसी के तपोवन स्थित विश्रामगृह में आला अधिकारियों को इंतजार करना पड़ा। कार्यदायी हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी के पीआरओ त्रिलोक दानू ने बताया कि लगातार भूस्खलन जारी रहने से मार्ग खोलने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि मार्ग खोलने के दौरान कंपनी के तीन कर्मी और बीआरओ के एक कर्मचारी को पत्थरों से चोट लगी है जिनका इलाज कराया गया है।
विज्ञापन


दोबाट से आगे ब्लास्टिंग से फिर दरकी पहाड़ी, यातायात ठप

लगातार मलबा और बोल्डर गिरने से सड़क खोलने में आई दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा को जोड़ने वाली सड़क एक बार फिर से बंद हो गई है। मौसम खुलने के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्र के लिए यातायात निर्बाध रूप से चल रहा था लेकिन बुधवार सुबह कार्यदायी संस्था की ब्लास्टिंग से सड़क बंद हो गई। इसके चलते कई वाहन और ग्रामीण फंसे रहे। देर शाम को काफी मशक्कत के बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका।

हिलवेज कंपनी की ओर से सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। टनकपुर-तवाघाट एनएच के दोबाट एनएचपीसी गेट से कुछ आगे ब्लास्टिंग करने के चलते भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर गिर गए। इससे चौदास, दारमा और व्यास घाटी के लिए जाने वाले कई वाहन और ग्रामीण फंसे रहे। हिलवेज के पीआरओ त्रिलोक सिंह दानू ने बताया कि लगातार बोल्डर और मलबा गिरने से सड़क खोलने में दिक्कत आ रही है।

उन्होंने बताया कि बुधवार देर शाम को यातायात बहाल कर दिया गया था। इधर लोगों ने भारी ब्लास्टिंग करने पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि बरसात में सड़क बंद होने से पर्यटन कारोबार बंद हो गया था। बारिश रुकने के बाद पर्यटकों की आवाजाही शुरू हो गई है। यदि इसी तरह ब्लास्टिंग होती रही तो आवाजाही प्रभावित रहेगी। संवाद
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें