गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जनसभा को संबोधित किया। करीब बीस मिनट के भाषण में उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धि और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
सांसद अजय टम्टा ने जीआईसी खेल मैदान में सभा को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं बताई। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक मतदान करने का आह्वान किया। विधायक फकीर राम टम्टा ने क्षेत्र में किए जा रहे विकास योजनाओं की जानकारी दी। संचालन जिला महामंत्री दीपक कार्की ने किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, विधानसभा प्रभारी बीएल जोशी, दल बहादुर सिंह बाफिला, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोरा, राज्यमंत्री गणेश भंडारी, पूर्व विधायक मीना गंगोला, विरेंद्र वल्दिया, ब्लॉक प्रमुख विनीता बाफिला, अर्चना गंगोला, जयश्री पाठक आदि थे। संवाद
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर की जा रही ड्रोन से निगरानी
पिथौरागढ़। लोकसभा चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पैनी नजर बनाए हुए हैं। एक ओर जहां शराब माफियाओं सहित नशा तस्करों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। दूसरी ओर आदर्श आचार संहिता को देखते हुए जिले में स्थापित अंतर जनपदीय बैरियरों पर अन्य जिलों से आने वाले वाहनों की गहनता से जांच करने के बाद जिले में प्रवेश करने दिया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से बैरियरों पर निगरानी की जा रही है। पुलिस टीम अंतर जनपदीय बैरियरों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी कर रही हैं। संवाद
फोटो विवरण-30पीटीएच05 पी- अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस इस तरह ड्रोन के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है। स्रोत : पुलिस
धारचूला में एसएसबी और पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
पिथौरागढ़। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस और एसएसबी ने नेपाल सीमा से सटे धारचूला कस्बे में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान लोगों से निष्पक्ष होकर मतदान करने की अपील की गई। सीओ परवेज अली ने कहा कि मतदान केंद्रों के आसपास होने वाली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मतदान में अराजकता का माहौल पैदा करने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध निवारक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस लोगों को मतदान के महत्व के बारे में बताकर उनसे शत प्रतिशत मतदान करने की अपील भी कर रही है। संवाद
जौलजीबी में दिलाई मतदान की शपथ
धारचूला (पिथौरागढ़)। स्वीप की ओर से विधानसभा क्षेत्र के राजकीय इंटर काॅलेज जौलजीबी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समन्वयक शंकर दत्त भट्ट ने शत प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य एमआर लोहिया ने छात्र-छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने अन्य मतदाताओं को भी प्रेरित करने को कहा। इस दौरा परीक्षाफल का वितरण भी किया गया। वहां पूनम ग्वाल, एआर दताल, देवेंद्र सिंह कन्याल, दीपक मेहरा, भरत ऐरी, प्रियंका भट्ट, ज्योति भट्ट, हुकुम सिंह समेत विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। संवाद
प्रजातंत्र से नाता है, हम भारत के जागरूक मतदाता हैं
चंपावत। जिला मुख्यालय दिव्यांग आइकन हिम्मत सिंनग्वाल की अध्यक्षता में मतदाता जागरूकता अभियान को लेकर बैठक हुई। उन्होंने सक्षम एप और मतदान संबंधी जानकारी दी। उन्होंने प्रजातंत्र से नाता है, हम भारत के जागरूक मतदाता हैं स्लोगन से शपथ दिलाई। मुख्य वक्ता बुजर्ग पान सिंह नेगी ने चंपावत के साथ अन्य जिलों में भी शत प्रतिशत मतदान के लिए दिव्यांगों के साथ ही लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को मतदान स्थल तहत पहुंचने में परेशानी हो तो सक्षम एप से जोड़े। उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। वहां दीपक जोशी, नेहा फर्त्याल, अनीता वर्मा समेत कई दिव्यांग मौजूद रहे। संवाद
लोहाघाट के 185 बूथों पर 22 हजार मतदाताओं ने ली शपथ
लोहाघाट (चंपावत)। लोकसभा चुनाव को लेकर स्वीप टीम ने विधानसभा लोहाघाट के बाराकोट, लोहाघाट और पाटी में जागरूकता अभियान का चलाया। इस दौरान स्वीप ने लोहाघाट विधानसभा के 185 बूथ पर करीब 22 हजार लोगों को मतदान के लिए जागरूक वोट देने की शपथ दिलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम नवनीत पांडेय के नेतृत्व में स्वीप टीम ने लोहाघाट विधान सभा में मतदाता जागरूकता अभियान का संचालन किया। स्वीप टीम के नोडल अधिकारी जीवन कलौनी ने बताया कि मतदान के दिन मतदाता अपनी पहचान के लिए अपना वोटर आईडी कार्ड या भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 अन्य दस्तावेज, जिनमें पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक, पोस्ट ऑफिस की फोटो युक्त पासबुक, राशन कार्ड आदि दस्तावेजों का भी प्रयोग कर सकता है। इस दौरान महिलाओं ने जागरूकता अभियान के तहत रंगोली के माध्यम से शत प्रतिशत मतदान की अपील की। संवाद