भारत-नेपाल के बीच काली नदी में स्थित झूलापुल (फाइल)
पिथौरागढ़। भारत- नेपाल के बीच अंतरराष्ट्रीय झूला पुलों के खुलने और बंद होने का समय बदल गया है। इसके लिए डीएम पिथौरागढ़ ने आदेश जारी कर दिए हैं। बीते दिनों भारत-नेपाल के बीच हुई समन्वय समिति की बैठक में नेपाल ने पुलों के खुलने और बंद करने का समय बदलने का आग्रह किया था।
भारत-नेपाल सीमा पर झूला पुल मार्च से अक्तूबर तक सुबह छह बजे से शाम सात बजे तक खुलेंगे और नवंबर से फरवरी तक सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक खुलेंगे। डीएम ने पुलों के खुलने और बंद होने का आदेश जारी कर दिया है। डीएम रीना जोशी का कहना है कि भारत-नेपाल समन्वय समिति की बैठक में पुलों के बंद और खोलने का समय बदलने का निर्णय लिया गया था। इस संबंध में दार्चूला और बैतड़ी के प्रमुख जिल्लाधिकारी ने उनसे आग्रह किया था। इस समय भारत-नेपाल के बीच आठ झूलापुल हैं। इनमें से झूलाघाट, डौड़ा, द्वालीसेरा, जौलजीबी, बलुवाकोट, धारचूला पुलों से सबसे अधिक आवाजाही होती है। गर्मियों में पुल खुले रहने की समय सीमा एक घंटा बढ़ने से भारत-नेपाल दोनों देशों के नागरिकों को राहत मिलेगी।