पिथौरागढ़। राजस्थान के कोटा से उत्तराखंड के छात्रों को लेकर निकली बसें रात दो बजे मथुरा पहुंचीं। 18 बसों में करीब 400 बच्चे घरों को निकले हैं। रविवार को अपरान्ह तीन बजे बसें कोटा से रवाना हुईं। एक बस में 25-28 बच्चे लाए गए। मथुरा में देहरादून रोडवेज डिपो के इंचार्ज अजीत सिंह के निर्देशन में कार्मिक तेजपाल और पवन शर्मा ने कुमाऊं और गढ़वाल के बच्चों से जानकारी लेकर उन्हें अलग-अलग बसों में बिठाया। रोडवेज के तीनों कार्मिक भूखे-प्यासे ड्यूटी पर डटे रहे। स्टेशन इंचार्ज अजीत सिंह ने बताया कि सोमवार तड़के दो बजे से बसें पहुंचना शुरू हुई। बारिश के बीच 9-9 बसों में बच्चों को हल्द्वानी, देहरादून को रवाना किया गया। मथुरा से हल्द्वानी को आने वाली बसें मुरादाबाद से काशीपुर-रामनगर, रुद्रपुर मार्ग से पहुंचेगी। (संवाद)