पिथौरागढ़। जल संस्थान की वितरण व्यवस्था में खामी के चलते लोगों को जरूरत का पानी नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि सरस्वती विहार काॅलोनी में लोग बिल का भुगतान जल संस्थान को कर रहे हैं लेकिन पानी के लिए हैंडपंप, नौले-धारों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
पिथौरागढ़ शहर के लिए घाट, आंवलाघाट, ठूलीगाड़ के अलावा कुछ महादेव, रई आदि स्थानों से लिफ्ट कर पानी की आपूर्ति की जाती है। आज से पांच साल पूर्व तक केवल घाट और ठूलीगाड़ से ही नगर के लोगों की प्यास बुझती थी। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोगों को हैंडपंप और नौले-धारों से पानी जुटाना पड़ता था। लगभग 80 करोड़ लागत की आंवला घाट योजना बनने के बाद उम्मीद थी कि लोगों को अब पर्याप्त मात्रा में पानी मिलेगा लेकिन अब भी लोग नौले-धारों में जाने के लिए मजबूर हैं।
जीआईसी क्षेत्र में तीसरे दिन पानी दिया जाता है। तीसरे दिन भी कई परिवारों को जरूरत का पानी नहीं मिल पा रहा है। वितरण व्यवस्था ठीक नहीं होने से स्थिति यह है कि लोग हर दूसरे माह 1400 रुपये का बिल जल संस्थान को चुकाते हैं और पानी की व्यवस्था पड़ोसियों के हैंडपंप या धारे से करते हैं।
इनसेट
कई स्थानों पर रास्तों में ही रिस रहा पानी
पिथौरागढ़। जीआईसी सड़क से सरस्वती विहार काॅलोनी के लिए पानी की लाइन बिछाई गई है। यह लाइन जगह-जगह लीकेज कर रही है। लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसते हैं और पानी रास्तों और खेतों में बहकर बरबाद हो रहा है।
कोट
पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। जिन स्थानों पर पानी का रिसाव हो रहा है वहां पर तत्काल कर्मचारी भेजकर लाइन को दुरुस्त किया जाएगा। - सुरेश जोशी, ईई, जल संस्थान, पिथौरागढ़।
इनसेट
चौपाता के कुवा तोक के लोगों को नहीं मिल रहा पानी
पिथौरागढ़। देवलथल तहसील के ग्राम पंचायत चौपाता के तोक कुवा के लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन योजना में लाखों रुपये के बजट से योजना बनी है। इसके बावजूद लोगों को दूर दराज स्थित प्राकृतिक स्रोतों से पानी जुटाना पड़ रहा है। शनिवार को तोक की महिलाओं ने पानी के टैंक पर पहुंचकर विरोध जताया। पूर्व जिपं सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल हर घर जल योजना पूरी तरह से फेल है। यह योजना सिर्फ ठेकेदारों और विभाग के लिए फायदेमंद हो रही है। विरोध जताने वालों में चंद्रा देवी, पुष्पा पंत, दीपा देवी, राधा देवी, ममता कन्याल, ज्योति, कमला देवी आदि महिलाएं शामिल रहीं।