हरड़िया में खतरे की जद में आया नवनिर्मित बैलीब्रिज। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
नाचनी (पिथौरागढ़)। हरड़िया नाले पर बना 70 मीटर लंबा बैलीब्रिज खतरे की जद में आ गया है। 31 अगस्त को भारी बारिश से हरड़िया में पुराना पुल ध्वस्त होकर नाले में समा गया था। इस पुल में मलबा पूरी तरह भर गया है। अगर इस पुल का मलबा और पत्थर बहता है तो नए पुल को खतरा हो सकता है। वर्ल्ड बैंक ने डीएम और लोनिवि डीडीहाट को पत्र लिखकर पुराने पुल का मलबा हटाने की मांग की है। वर्ल्ड बैंक का कहना है कि अगर पुराने पुल के मलबे से नया पुल टूटता है तो लोनिवि की जिम्मेदारी होगी।
वर्ष 2015 में हरड़िया नाले पर बैलीब्रिज का निर्माण किया गया था। यहां पर 31 अगस्त को भारी बारिश से मलबा आने से पुल ध्वस्त हो गया था। हरड़िया में वर्ल्ड बैंक की ओर से नवनिर्मित बैलीब्रिज भी खतरे की जद में आ गया है। वर्ल्ड बैंक के ईई चंदन सिंह का कहना है कि 10 दिन पूर्व 70 मीटर लंबा पुल तैयार हो गया है। इसे लोनिवि को हस्तांतरित किया जाना है।
पुराना पुल टूटने के बाद बिना हस्तांतरित किए इस पुल को यातायात के लिए खोला गया है। पुराने टूटे हुए पुल में भारी मलबा अटक गया है। अगर पुराने पुल से मलबा नहीं हटाया गया तो नए पुल को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने पुराने पुल में अटके मलबे को हटाने की मांग की है।