थल (पिथौरागढ़)। बैसाखी पर्व पर लगने वाला तीन दिनी मेला (ठुल म्याल) का बृहस्पतिवार को शुभारंभ हो गया है। महिलाओं और स्कूली छात्राओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। इस दौरान विधायक ने मेला कमेटी को विधायक निधि से ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की।
मेले के शुभारंभ मौके पर पारंपरिक परिधानों से सजी राजपूत एलिमेंट्री पब्लिक स्कूल, सरस्वती हाईस्कूल विद्या मंदिर, बालिका इंटर कॉलेज, हरि दत्त पंत इंटर कॉलेज, मानस चिल्ड्रन एकेडमी, शिवालिक पब्लिक स्कूल की छात्राओं एवं महिलाओं ने ढोल नगाड़ों और छलिया नर्तकों के दल के साथ बालेश्वर मंदिर होते हुए पुराने बाजार से रामलीला मैदान तक कलश यात्रा निकाली।
इस दौरान डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल ने दीप जलाकर और फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। राजपूत एलिमेंट्री पब्लिक स्कूल के बच्चों और महिला जनजाति समूह की महिलाओं ने मुख्य अतिथि के सम्मान में स्वागत गीत गाया। सरस्वती हाईस्कूल विद्या मंदिर की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। मेला कमेटी अध्यक्ष दिनेश चंद्र पाठक, बबलू सामंत, जगदीश पाठक, सीमा बिष्ट, संजय चंद, मदन उपाध्याय सहित कई लोगों ने अतिथियों को सम्मानित किया।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि भगवान सिंह देऊपा, एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला, ब्लाॅक प्रमुख बबीता चुफाल, थानाध्यक्ष योगेश कुमार, राम सिंह जंगपांगी, गंगा सिंह मेहता, कमल कन्याल, तेन सिंह चुफाल, कौस्तुबानंद जोशी आदि मौजूद थे।