चीन सीमा को जोड़ने वाली सड़क पर चल रहा डामरीकरण का कार्य। संवाद
धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा को जोड़ने वाली घट्टाबगड़-गुंजी-लिपुलेख सड़क पर डामरीकरण का काम तेजी से चल रहा है। गुंजी से कुटी तक 19 किलोमीटर में से 15 किलोमीटर में डामरीकरण कर दिया गया है।
वहीं कुटी से ज्योलिकांग तक लगभग 34 किलोमीटर सड़क कुटी की ओर गर्ग एंड गर्ग कंपनी आठ किलोमीटर में डामरीकरण का कार्य कर रही है। शेष जगह पर बीआरओ डामरीकरण कर रही है। इसके अलावा गुंजी से लिपुलेख के बीच शेष बचे छह किलोमीटर सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी बीआरओ युद्ध स्तर में कर रहा है। सामरिक महत्व की इस सड़क के पक्का होते ही वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी। इससे पर्यटकों, स्थानीय ग्रामीणों और सेना के जवानों को लाभ मिल सकेगा।
प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम से ग्रामीण उत्साहित
धारचूला। कुटी गांव निवासी कुंवर कुटियाल, पुनीत कुटियाल और नगेंद्र कुटियाल ने बताया कि सीमा पर सड़क निर्माण और डामरीकरण के कार्य से उन्हें आने-जाने में सुविधा होगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अक्तूबर में संभावित कार्यक्रम से भी सीमा के ग्रामीण काफी उत्साहित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री का रं कल्याण संस्था और ग्रामीण अपने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य स्वागत करेंगे। संवाद